
रिपोर्ट उपेंद्र कुमार पांडेय
आजमगढ़। जिले के टहर किसुदेवपुर निवासी होनहार एथलीट आनंद सिंह ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। चीन में एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ में भाला फेंक स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहराकर जब आनंद सिंह अपने गृह जनपद पहुंचे, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सहारे जैसे ही आनंद का काफिला कंधरापुर क्षेत्र के सेहदा कट पर उतरा, वहां मौजूद समर्थकों और खेल प्रेमियों का तांता लग गया। आनंद ने सबसे पहले अपने पिता अमरजीत सिंह के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस साथ ही गांजे बाजे के साथ रोटरी क्लब अध्यक्ष व भाजपा सह-कोषाध्यक्ष श्रेय अग्रवाल, भाजपा नेता रित्विक जायसवाल, भाजपा नेता मनीष यादव और एथलेटिक्स संघ के संयुक्त सचिव मुज़म्मिल खान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों व समर्थकों ने आनंद को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर उनका जोरदार अभिनंदन किया। अपनी इस बड़ी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए आनंद सिंह ने कहा कि वह कड़ी मेहनत और अटूट लगन के बल पर ही आज इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें भाला फेंकने की प्रेरणा कप्तानगंज इंटर कॉलेज में पढ़ाई के दौरान मिली, वही से उन्होंने अपना सफर शुरू किया था। आनंद ने अपनी इस स्वर्णिम सफलता का पूरा श्रेय अपने परिजनों, गुरुजनों, मित्रों और सभी शुभचिंतकों को दिया है। इस ऐतिहासिक मौके पर आनंद सिंह ने स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने के लिए सरकार से एक बड़ी मांग करते हुए कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मेरी सरकार से मांग है कि आजमगढ़ को सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस एक सर्वसुविधायुक्त खेल का मैदान प्रदान किया जाए, ताकि आगे भी युवा खिलाड़ी अपने गृह जनपद में ही बेहतर तैयारी कर सकें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहरा सकें।












Leave a Reply