
वाराणसी। 15वीं वाराणसी जिला यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का आयोजन जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा उदय प्रताप इंटर कॉलेज, वाराणसी में किया गया।प्रातःकालीन सत्र में बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सनबीम वरुणा ने सिगरा स्टेडियम को 28–4 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से अन्वेशा ने 4 तथा कामना ने 5 अंक बनाए, जबकि सिगरा स्टेडियम की ओर से खुशी ने 4 अंक अर्जित किए। दूसरे सेमीफाइनल में रानी मुरार ने संत अतुलानंद रेजिडेंशियल अकादमी को 43–38 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रानी मुरार की ओर से स्वास्ति ने 14 एवं अदिति ने 10 अंक बनाए, जबकि संत अतुलानंद की ओर से स्नेहा ने 22 अंकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सायंकालीन सत्र में खेले गए बालिका वर्ग के फाइनल में सनबीम वरुणा ने रानी मुरार को 37–24 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता टीम की ओर से तमन्ना ने 18 तथा शारन्या ने 8 अंक बनाए। रानी मुरार की ओर से स्वाति एवं स्वास्ति ने 6-6 अंक अर्जित किए।
बालक वर्ग के फाइनल में संत अतुलानंद रेजिडेंशियल अकादमी ने सिएट पब्लिक स्कूल को 45–22 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम की ओर से शौर्य ने 22 अंकों का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि सिएट पब्लिक स्कूल की ओर से आकांक्षु एवं शिवम ने 6-6 अंक बनाए। प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तथा राज्य शिक्षक पुरस्कृत डॉ. रमेश प्रताप सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अमित सिंह (राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी, ओएनजीसी) उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन रेफरी वैभव, मुकेश, संतोष, लक्ष्या, विकास, गोविंद, अमित, आदित्य, विवेक, कार्तिक एवं जितेंद्र द्वारा किया गया। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी टीमों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। संयोजन विभोर भृगवंशी ने किया।यह जानकारी जिला बास्केटबॉल संघ, वाराणसी के सचिव डॉ अशोक कुमार सिंह ने दी है।










Leave a Reply