
वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहड़िया क्षेत्र स्थित अशोका इंस्टीट्यूट गर्ल्स हॉस्टल तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सफलतापूर्वक पहुंचा दी है। इसके साथ ही गर्ल्स हॉस्टल की रसोई व्यवस्था अब गेल के PNG नेटवर्क से जुड़ गई है तथा उसे निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्राप्त होने लगी है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख संस्थागत एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
पहड़िया स्थित अशोका इंस्टीट्यूट गर्ल्स हॉस्टल एक प्रमुख आवासीय संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में छात्राओं के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है। हॉस्टल की रसोई संबंधी ऊर्जा आवश्यकताएं काफी अधिक हैं। पूर्व में यहां भोजन निर्माण के लिए मुख्य रूप से एलपीजी का उपयोग किया जाता था तथा प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब संस्थान को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे रसोई संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेगा।
एलपीजी के स्थान पर PNG अपनाए जाने से प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। इस प्रकार यह पहल ऊर्जा संसाधनों के बेहतर एवं संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ व्यापक जनहित में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग एवं नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों से मुक्ति मिलती है। साथ ही, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पहड़िया क्षेत्र स्थित अशोका इंस्टीट्यूट गर्ल्स हॉस्टल को PNG नेटवर्क से जोड़ना गेल (इंडिया) लिमिटेड की वाराणसी सीजीडी परियोजना की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कदम न केवल संस्थान की ऊर्जा आवश्यकताओं को आधुनिक एवं कुशल ढंग से पूरा करेगा, बल्कि अन्य शैक्षणिक संस्थानों, हॉस्टलों, होटलों, रेस्टोरेंटों, कैंटीनों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।












Leave a Reply