
रिपोर्ट उपेंद्र कुमार पांडेय
आज़मगढ़। जनपद के छात्र- छात्राओं और युवाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं, बार-बार हो रहे पेपर लीक और उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रसंघ चुनावों पर लगी रोक के विरोध में हुंकार भरी है।
इस संबंध में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने छात्र नेता अखिलेश पाण्डेय के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में युवाओं ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं में हो रही धांधली व पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। दिन-रात मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों की प्रतिभा पर बार-बार हो रहे पेपर लीक से पानी फिर जाता है, जिससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था और पारदर्शी तंत्र से विश्वास उठता जा रहा है। छात्र छात्राओं ने मांग करते हुए कहा कि देश भर में हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और दोषी माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कानूनी कदम उठाए जाएँ। सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रोक हटाकर छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराए जाएँ, ताकि उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अधिकार मिले। सभी भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और निश्चित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराया जाए। शिक्षा तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय की जाए तथा अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अभिनव यादव, ऋषभ मौर्या, प्रियांशु यादव, रविकांत यादव, अमन यादव, सुनील कुमार, विशाल यादव, लक्ष्मण यादव, अतुल यादव, रितेश यादव, आमिशा खान, दुर्गविजय मौर्य, अजीत यादव आदि मौजूद रहे।












Leave a Reply