
वाराणसी। विश्वकर्मा समाज के लिए गौरव का क्षण लेकर देश के प्रसिद्ध जादूगर एवं विश्वकर्मा वंशज ओपी शर्मा ‘जूनियर’ 24 जुलाई को वाराणसी पहुंचेंगे। उनके आगमन पर समाज की ओर से भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ धाम और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर काशी की परंपरा के अनुसार आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। विष्णु शर्मा ‘विश्वकर्मा’ ने बताया कि जादूगर ओपी शर्मा ‘जूनियर’ इंदौर से प्रातः वाराणसी पहुंचेंगे। समाज के पदाधिकारी और सदस्य उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि शाम सात बजे कबीरचौरा स्थित नागरी नाटक मंडली प्रेक्षागृह में उनके जादू शो का विधिवत शुभारंभ होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, समाज के वरिष्ठजन तथा बड़ी संख्या में जादू प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ओपी शर्मा ‘जूनियर’ अपनी अद्भुत जादू कला और आधुनिक प्रस्तुतियों के लिए देशभर में पहचान रखते हैं। उनका काशी आगमन न केवल विश्वकर्मा समाज बल्कि शहर के कला प्रेमियों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। समाज के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर इस अवसर को यादगार बनाने की अपील की है।












Leave a Reply