गेल वाराणसी ने उत्तर पूर्व रेलवे के रेलवे आवासों में पीएनजी आपूर्ति हेतु एमओयू पर किए हस्ताक्षर

वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड, वाराणसी ने स्वच्छ एवं सुविधाजनक ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर पूर्व रेलवे, वाराणसी के साथ रेलवे आवासों में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) उपलब्ध कराने हेतु एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

एमओयू पर उत्तर पूर्व रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री आशीष जैन तथा गेल (इंडिया) लिमिटेड, वाराणसी के महाप्रबंधक श्री सुशील कुमार ने हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर गेल की ओर से श्री चंद्रकांत टंडन, श्री देबाशीष साहू एवं श्री जे. आकाश उपस्थित रहे, जबकि रेलवे की ओर से श्री अजय कुमार सिंह (अपर मंडल रेल प्रबंधक – ADRM) एवं श्री विकास कुमार सिंह (वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय – Sr. DEN/Co) समारोह में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के दौरान श्री आशीष जैन ने पीएनजी के प्रति अपना सकारात्मक अनुभव साझा करते हुए इसे सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती ईंधन बताया। उन्होंने कहा कि पीएनजी से एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण एवं उनकी नियमित उपलब्धता से जुड़ी चुनौतियों से भी मुक्ति मिलती है। अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पीएनजी के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसे अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस समझौते के माध्यम से वाराणसी स्थित लगभग 700 रेलवे आवासों को पीएनजी सुविधा से जोड़ा जाएगा, जिससे निवासियों को स्वच्छ, निर्बाध, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन उपलब्ध हो सकेगा। समझौते के उपरांत पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

यह पहल गेल वाराणसी की स्वच्छ ऊर्जा अवसंरचना के विस्तार, उपभोक्ता सुविधा में वृद्धि तथा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क के माध्यम से सतत एवं हरित विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *