वाराणसी, 22 जुलाई। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंशकालिक कार्यक्रम समन्वयक पद पर चयन हेतु विश्वविद्यालय के पात्र शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर निर्धारित अर्हताओं के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र प्रकाशित सूचना की तिथि से सात दिनों के भीतर कुलसचिव कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
कुलसचिव ने कहा कि चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय सेवा योजना संशोधित मैनुअल-2006 के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की जाएगी। निर्धारित अर्हताओं के अनुसार अभ्यर्थी के पास विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध महाविद्यालय में आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में न्यूनतम तीन वर्ष का अनुभव तथा एनएसएस अभिमुखीकरण प्रशिक्षण प्राप्त होना आवश्यक है। चयन के समय अभ्यर्थी की आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
कुलसचिव राकेश कुमार ने पात्र एवं इच्छुक शिक्षकों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति से संबंधित विस्तृत अर्हताएँ एवं अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जा रही है।












Leave a Reply