
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। जिसमें पूर्ण प्रतिरक्षाकरण, परिवार नियोजन, आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का पंजीकरण, फर्स्ट टाइम गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, एचआरपी (हाई रिस्क प्रेगनेंसी), टोटल डिलीवरी रिपोर्ट, फुल ANC,संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मेडिकल हेल्थ टीम के द्वारा स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, ई-संजीवनी, आयुष्मान कार्ड, राष्ट्रीय लेप्रोसी उन्मूलन कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना, ओपीडी, पोषण पुनर्वास केंद्र पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पंजीकरण और फर्स्ट टाइम गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण को बढ़ाकर गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली सेवाओं को अपडेट करने का निर्देश दिया। इसमें खास तौर पर कम प्रगति वाले ब्लॉकों को स्थिति सुधार करने की हिदायत दी गई। एचआरपी (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) पंजीकरण, टोटल डिलीवरी, नियमित पूर्ण प्रतिरक्षाकरण में सभी ब्लॉकों के एमओआइसी को प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एमओआईसी को चिकित्सालयों में वाले होने वाले संस्थागत प्रसव का डाटा एकत्रित कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत-पीएम जन आरोग्य योजना के तहत बनने वाले आयुष्मान कार्ड में सभी एमओआइसी को पात्र लाभार्थियों के तीव्र गति से कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। कहा कि 70+ सभी पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि ग्राम के पंचायत सहायक से समन्वय स्थापित कर पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएं। गांवों में कैंप लगाकर लोगों से बातचीत कर उन्हें मोबिलाइज किया जाए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थी भुगतान शत प्रतिशत कराए जाने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार फुल ANC, परिवार नियोजन, टीबी, ई-संजीवनी, ई- कवच पोर्टल, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन और राष्ट्रीय लेप्रोसी उन्मूलन कार्यक्रम जैसे बिंदुओं पर जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी डी के सिंह, डीपीएम एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।











Leave a Reply