जनपद स्तरीय काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

वाराणसी। विश्व की सांस्कृतिक राजधानी काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुँचाने तथा युवाओं में पर्यटन के प्रति जागरूकता विकसित कर उन्हें प्रशिक्षित एवं दक्ष टूरिस्ट गाइड के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित “काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता–2026” के अंतर्गत गुरुवार को 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग की जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन संत अटुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, विधायक त्रिभुवन राम (अजगरा), राहुल सिंह, सचिव रचना परिषद, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि काशी की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को विश्व पटल पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रशिक्षित युवा टूरिस्ट गाइडों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। ऐसी प्रतियोगिताएँ युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं पर्यटन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत निबंध लेखन, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताएँ काशी के प्रमुख विषयों—काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, काशी के त्योहार, काशी के हस्तशिल्प, काशी एवं धर्म, काशी के संत, काशी एवं संगीत तथा काशी के खानपान—पर आधारित रहीं।

प्रतियोगिता में निबंध लेखन के लिए पंजीकृत 160 प्रतिभागियों में से 130, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन में पंजीकृत 160 में से 111 तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग में पंजीकृत 319 में से 219 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रकार कुल 539 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 460 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा काशी की संस्कृति एवं पर्यटन पर आधारित आकर्षक रील प्रस्तुतियाँ भी प्रदर्शित की गईं। चुलबुल राजभर, अनुश्री त्रिपाठी, रूबी जायसवाल, वैभव चौबे एवं अथर्व बरनवाल सहित अनेक प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा।

प्रतियोगिता की प्रत्येक विधा में निर्धारित 10 विषयों पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित कुल 90 विजेताओं की घोषणा की गई। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आयुष मंत्री के पीआरओ गौरव राठी सहित अन्य लोगों के अलावा लगभग 1,350 दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का सफल संचालन आयोजन समिति एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *