जयंती पर सेंट्रल जेल में चंद्रशेखर आजाद को किया नमन

 

वाराणसी। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर बुधवार को वाराणसी सेंट्रल जेल में श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और संकल्प का अनूठा संगम देखने को मिला। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय एवं विनोद पांडेय भैयाजी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल तिरंगा, चंद्रशेखर आजाद के चित्र और संदेश लिखी तख्तियों के साथ सेंट्रल जेल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जेल अधीक्षक राधे कृष्ण मिश्रा को प्रार्थना पत्र सौंपकर उस ऐतिहासिक स्थल पर जाने की अनुमति मांगी, जहां बालक चंद्रशेखर तिवारी को अंग्रेजी हुकूमत ने कोड़ों की सजा दी थी। अनुमति मिलने के बाद अधिवक्ताओं, जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उस स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर आजाद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद के अस्थिकलश को वीरोचित सम्मान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प भी लिया। पूरा जेल परिसर “अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमर रहें” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, आजाद तेरा नाम रहेगा” के नारों से गूंजता रहा। जेल अधीक्षक राधे कृष्ण मिश्रा, बनारस बार के पूर्व अध्यक्ष राजेश मिश्रा तथा पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने संबोधित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जेल परिसर में स्थापित आजाद की आदमकद प्रतिमा, उनके हस्ताक्षर अंकित शिलापट्ट तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *