
वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए रविंद्रपुरी क्षेत्र स्थित फिडका रेस्टोरेंट को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क से सफलतापूर्वक जोड़ दिया है। इसके साथ ही रेस्टोरेंट की रसोई व्यवस्था अब गेल के PNG नेटवर्क से जुड़ गई है तथा उसे निर्बाध, सुरक्षित एवं 24×7 प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्राप्त होने लगी है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
रविंद्रपुरी स्थित फिडका रेस्टोरेंट क्षेत्र के प्रमुख भोजन एवं आतिथ्य प्रतिष्ठानों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों के लिए भोजन तैयार किया जाता है। रेस्टोरेंट की रसोई संबंधी ऊर्जा आवश्यकताएं काफी अधिक हैं। पूर्व में यहां भोजन निर्माण एवं अन्य रसोई कार्यों के लिए मुख्य रूप से एलपीजी का उपयोग किया जाता था तथा प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब रेस्टोरेंट को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे रसोई संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष और विश्वसनीय बन सकेगा।
एलपीजी के स्थान पर PNG अपनाए जाने से प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक परिवारों और व्यवसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इस प्रकार यह पहल ऊर्जा संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं जनहितकारी उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग एवं समय-समय पर प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों से मुक्ति मिलती है। साथ ही, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।











Leave a Reply