बीएचईल गेस्ट हाउस से पहुंचा गेल इंडिया लिमिटेड का पीएनजी

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए तरना क्षेत्र स्थित बीएचईएल गेस्ट हाउस तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सफलतापूर्वक पहुंचा दी है। इसके साथ ही गेस्ट हाउस की रसोई व्यवस्था अब गेल के PNG नेटवर्क से जुड़ गई है तथा उसे निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्राप्त होने लगी है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख संस्थागत एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

तरना स्थित बीएचईएल गेस्ट हाउस एक महत्वपूर्ण आवासीय सुविधा केंद्र है, जहां बीएचईएल के अधिकारी नियमित रूप से ठहरते हैं। यहां प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है तथा रसोई संबंधी ऊर्जा आवश्यकताएं निरंतर बनी रहती हैं। पूर्व में गेस्ट हाउस में भोजन निर्माण के लिए मुख्य रूप से एलपीजी का उपयोग किया जाता था तथा प्रतिमाह लगभग 20 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब गेस्ट हाउस को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे रसोई संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं भरोसेमंद बनेगा।

बीएचईएल गेस्ट हाउस को PNG नेटवर्क से जोड़ना गेल (इंडिया) लिमिटेड की वाराणसी सीजीडी परियोजना की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। बीएचईएल जैसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम की इस महत्वपूर्ण आवासीय इकाई तक PNG पहुंचाना न केवल गेल की नेटवर्क विस्तार क्षमता को दर्शाता है, बल्कि बड़े संस्थागत उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं आधुनिक ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।

एलपीजी के स्थान पर PNG अपनाए जाने से प्रतिमाह लगभग 20 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। इस प्रकार यह पहल ऊर्जा संसाधनों के बेहतर एवं संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ व्यापक जनहित में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग एवं नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों से मुक्ति मिलती है। साथ ही, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *