प्राचीन गौरव के अनुरूप हो रहा काशी का विश्वस्तरीय विकास : – डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

वाराणसी। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि काशी विश्व की प्राचीनतम नगरी है और उसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक गौरव के अनुरूप काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भव्य निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही शहर का समग्र एवं विश्वस्तरीय विकास तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारी भी सरकारी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण कर आमजन की समस्याओं का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है।

डॉ. अग्निहोत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक वाराणसी में 36,210 करोड़ रुपये की लागत से 536 विकास परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 25,007 करोड़ रुपये की लागत वाली 191 परियोजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में रोप-वे परियोजना, जल जीवन मिशन, अंडरग्राउंड केबलिंग के बाद सड़कों की मरम्मत, दालमंडी सड़क चौड़ीकरण, नई टाउनशिप, यूनिटी मॉल समेत अन्य परियोजनाओं को तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि सारनाथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ है। इससे भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *