कारगिल के वीरों को नमन, पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

वाराणसी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे (वायु सेना मेडल-वीरता, अवकाशप्राप्त) के नेतृत्व में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जनपद के कारगिल योद्धाओं, पूर्व सैनिकों, सैनिक आश्रितों और कर्मचारियों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया। इस दौरान शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली, हवलदार अजय कुमार सिंह तथा वीर नारी प्रमिला देवी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कारगिल योद्धाओं ने युद्ध के अपने अनुभव साझा किए और वक्ताओं ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में सैनिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दिलाया गया। कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। अंत में ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे ने कहा कि कारगिल युद्ध में तीनों सेनाओं की वीरता देशवासियों के लिए प्रेरणा है। समारोह में लगभग 150 पूर्व सैनिकों और सैनिक आश्रितों ने वीर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *