
वाराणसी: स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गेल गैस लिमिटेड, वाराणसी ने सोमवार को “फ्री सीएनजी प्रमोशनल स्कीम 2.0” का शुभारंभ किया।
यह विशेष योजना वाराणसी के नागरिकों को सीएनजी आधारित वाहनों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा शहर में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस योजना का शुभारंभ श्री पंचानन हलदर, मुख्य महाप्रबंधक (CGM), नोएडा द्वारा किया गया, जो गेल के छह सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) व्यवसायों का नेतृत्व करते हैं। इस अवसर पर गेल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें श्री निखिल कुमार (महाप्रबंधक-मार्केटिंग), श्री सुशील कुमार (महाप्रबंधक-वाराणसी), श्री नवाज़िश अली अंसारी (उप महाप्रबंधक-परियोजनाएँ), श्री प्रवीण कुमार सिंह (मुख्य प्रबंधक-स्टील), श्री चंदन कुमार (मुख्य प्रबंधक-ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस), श्री चंद्रकांत टंडन (वरिष्ठ प्रबंधक-मार्केटिंग), श्री देबाशीष साहू (वरिष्ठ अधिकारी-मार्केटिंग) तथा श्री चंद्रशेखर रेड्डी (वरिष्ठ अभियंता-ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस) शामिल थे।
कार्यक्रम में वाराणसी के प्रमुख ऑटोमोबाइल डीलर्स, बस एवं ट्रक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, व्यावसायिक वाहन संचालकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, हुंडई, फोर्स मोटर्स, बजाज ऑटो एवं पियाजियो जैसी प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री पंचानन हलदर ने कहा कि गेल देश के ऊर्जा संक्रमण के लक्ष्य को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सीएनजी न केवल पारंपरिक ईंधनों की तुलना में अधिक स्वच्छ और किफायती विकल्प है, बल्कि यह कार्बन उत्सर्जन को कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि यह योजना वाराणसी को एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
योजना की प्रमुख विशेषताएँ
फ्री सीएनजी प्रमोशनल स्कीम 2.0 के तहत वाराणसी (UP-65) में पंजीकृत होने वाले नए सीएनजी वाहनों के खरीदारों को आकर्षक सीएनजी प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत विभिन्न वाहन श्रेणियों के लिए लाभ निर्धारित किए गए हैं।
निजी सीएनजी वाहनों के लिए: ₹10,000 मूल्य की निःशुल्क सीएनजी।वाणिज्यिक 3-व्हीलर एवं 4-व्हीलर लोडर वाहनों के लिए: ₹20,000 मूल्य की निःशुल्क सीएनजी।
सीएनजी बसों एवं ट्रकों के लिए: ₹1,00,000 मूल्य की निःशुल्क सीएनजी।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए ग्राहक को वाराणसी के किसी अधिकृत डीलर से नया सीएनजी वाहन खरीदना होगा तथा वाहन का पंजीकरण UP-65 में होना आवश्यक है। इसके पश्चात ग्राहक को PNG Mitra App पर पंजीकरण कर गेल से अनुमोदन प्राप्त करना होगा। अनुमोदन मिलने के बाद ग्राहक गेल के निर्धारित सीएनजी स्टेशनों से निःशुल्क सीएनजी का लाभ उठा सकेंगे।
स्वच्छ परिवहन और हरित भविष्य की ओर एक कदम
यह योजना सीएनजी वाहनों की बिक्री एवं उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ शहर में वायु प्रदूषण को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी। बढ़ती ईंधन लागत के बीच यह पहल उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ प्रदान करेगी तथा उन्हें स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान गेल अधिकारियों ने ऑटोमोबाइल डीलर्स एवं अन्य हितधारकों से संवाद कर उनके सुझाव और अनुभव भी प्राप्त किए। डीलर्स ने बताया कि ग्राहकों के बीच सीएनजी वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है और गेल द्वारा शुरू की गई यह नई योजना निश्चित रूप से इस मांग को और अधिक गति प्रदान करेगी। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार में पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
गेल वाराणसी की यह पहल कंपनी की हरित ऊर्जा, स्वच्छ ईंधन और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ‘फ्री सीएनजी प्रमोशनल स्कीम 2.0’ के माध्यम से गेल न केवल स्वच्छ ऊर्जा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रहा है, बल्कि वाराणसी को प्रदूषण मुक्त, ऊर्जा कुशल और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने के अपने संकल्प को भी साकार कर रहा है।












Leave a Reply