कारगिल के वीर योद्धा अजय सिंह का हुआ सम्मान

भारत विकास परिषद की नई टीम ने संभाला दायित्व

 

वाराणसी। भारत विकास परिषद, काशी प्रदेश प्रांत उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय की नीलकंठ शाखा का आठवां दायित्व ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा अजय सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध डीएवी महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप मिश्रा ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया। शुभारंभ मां भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। शाखा की सदस्या श्रेया कश्यप द्वारा लिखित पुस्तक ‘अंतर्मन की यात्रा के पदचिह्न’ का पुनः विमोचन किया गया। प्रांतीय महासचिव सचिन अग्रवाल ने नए सदस्यों को सदस्यता चिह्न और सामग्री प्रदान कर परिषद की सदस्यता की शपथ दिलाई। प्रांतीय अध्यक्ष हरीश वालिया ने रवि प्रकाश बरनवाल को शाखाध्यक्ष, संजीव श्रीवास्तव को सचिव तथा सतीश कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही विभिन्न गतिविधियों के लिए नए दायित्वधारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्य अतिथि प्रो. अनूप मिश्रा ने परिषद की सेवा, संस्कार और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए नवगठित टीम से समाजहित में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह में निवर्तमान पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया तथा पूर्व अध्यक्ष महाबीर प्रसाद श्रीवास्तव का जन्मदिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में परिषद के प्रांतीय, क्षेत्रीय एवं शाखा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य, नवसदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *