उदय प्रताप कॉलेज के डॉ. देव नारायण सिंह को राज्यपाल ने दिया उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान

वाराणसी। उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय के कृषि संकाय के सस्य विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. देव नारायण सिंह को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ‘उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट शिक्षण, शोध, नवाचार एवं संस्थागत योगदान के लिए प्रदान किया गया। वर्ष 2017 से महाविद्यालय में कार्यरत डॉ. देव नारायण सिंह ने शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बीते शैक्षणिक सत्र में उनके पांच शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए, जिनमें दो शोध-पत्र उच्च प्रभावांक वाली क्यू-1 श्रेणी की अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में शामिल हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती, सतत कृषि और मृदा प्रबंधन जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण शोध कार्य किए हैं। डॉ. सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (यूपीसीएआर), लखनऊ की प्राकृतिक खेती आधारित बहुवर्षीय शोध परियोजना के प्रधान अन्वेषक हैं। इस परियोजना के माध्यम से प्राकृतिक खेती की वैज्ञानिक उपयोगिता, कृषि उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य तथा पर्यावरणीय स्थिरता पर शोध किया जा रहा है। शिक्षण और शोध के साथ-साथ उन्होंने महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समितियों में सक्रिय भूमिका निभाई है। वह राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की बालक इकाई के कंपनी कमांडर के रूप में विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का कार्य भी कर रहे हैं। इसके अलावा दूरदर्शन और आकाशवाणी के कृषि कार्यक्रमों में विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता कर किसानों तक वैज्ञानिक खेती की आधुनिक तकनीकों का प्रसार भी किया है।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यपाल एवं कुलाधिपति के हाथों मिला यह सम्मान पूरे उदय प्रताप कॉलेज परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. देव नारायण सिंह ने अपनी उत्कृष्ट शिक्षण क्षमता, उच्चस्तरीय शोध, नवाचार और संस्थागत दायित्वों के निर्वहन से महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. सिंह भविष्य में भी अपने कार्यों से महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते रहेंगे। कृषि संकायाध्यक्ष प्रो. राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित कृषि संकाय के सभी प्राध्यापकों ने डॉ. देव नारायण सिंह को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम और समर्पण का सम्मान है, बल्कि उदय प्रताप कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सशक्त शोध संस्कृति और शैक्षणिक उत्कृष्टता का भी प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *