वाराणसी कोषागार में आधुनिक पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण

वाराणसी। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार कार्यालय परिसर में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों को सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह नया पेंशनर्स कक्ष उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लंबे समय से कोषागार में अपने कार्यों के लिए आने वाले पेंशनर्स की यह मांग थी कि उनके बैठने और प्रतीक्षा करने के लिए एक समुचित कक्ष की व्यवस्था की जाए। कई बार बुजुर्ग पेंशनर्स को घंटों इंतजार करना पड़ता था, जिससे उन्हें असुविधा होती थी। सरकार ने उनकी इस आवश्यकता को गंभीरता से लिया और आज लगभग 40 लाख रुपये की लागत से तैयार इस पेंशनर्स कक्ष को जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक कक्ष में एक समय में 100 से अधिक पेंशनर्स आरामपूर्वक बैठ सकेंगे। इससे कोषागार आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को धूप, गर्मी, बारिश अथवा अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह व्यवस्था हर जिलों में किया जा रहा हैं। यह सुविधा उनके सम्मान और सुविधा दोनों को सुनिश्चित करेगी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय प्रदेश और देश की सेवा में लगाया है, इसलिए उनका सम्मान और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार का दायित्व है।

इस अवसर पर उपस्थित मुख्य कोषाधिकारी गोविन्द सिंह ने बताया कि पेंशनर्स कक्ष को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, ताकि पेंशनभोगियों को प्रतीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। भविष्य में भी कोषागार सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में शशिकांत श्रीवास्तव जिला अध्यक्ष राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, श्याम राज यादव जिला मंत्री, एस डी मिश्रा, राजेश्वर पांडे, अशोक सिंह, रामचंद्र गुप्ता, अवध नारायण पांडे, प्रियांशु मौर्य, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक एवं कोषागार विभाग के अधिकारी, पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पेंशनभोगी उपस्थित रहे। पेंशनर्स ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई, इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों के हित में एक सराहनीय पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *