
वाराणसी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को पंडित लच्छू महाराज संगीत आश्रम में श्रद्धा, भक्ति और संगीत का अनुपम संगम देखने को मिला। तबला सम्राट पंडित लच्छू महाराज को उनके शिष्यों एवं संगीत साधकों ने गुरु पूजन कर संगीतमयी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बनारस घराने की परंपरा और गुरु-शिष्य संस्कृति की झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ शास्त्रीय गायक पंडित पंकज मिश्र की गणेश वंदना से हुआ। उनके साथ तबले पर रवीश दत्त मिश्र और सारंगी पर शिवांश मिश्र ने प्रभावशाली संगत की। इसके बाद आदित्य शर्मा ने कथक नृत्य के माध्यम से गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कृष्ण कुमार और अंश प्रताप सिंह ने सुगम संगीत की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण एकल तबला वादन रहा, जिसमें पंडित किशन महाराज ने बनारस घराने की पारंपरिक बंदिशों की मनोहारी प्रस्तुति देकर उपस्थित संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा। कार्यक्रम का संचालन आर्यन सिंह ने, संयोजन कधिर शर्मा ने तथा अंत में अरुण कुमार पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।











Leave a Reply