सुदूर संवेदन (रिमोट सेंसिंग) जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को मिला तकनीकी जानकारी

आयोजन गोल्डेन इण्डिया पब्लिक स्कूल नरोत्तमपुर डाफी में रहा

 

वाराणसी।गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोल्डेन इंडिया पब्लिक स्कूल नरोत्तमपुर डाफी वाराणसी में रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर उत्तर प्रदेश (आरएसएसी-यूपी) लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय सुदूर संवेदन (रिमोट सेंसिंग) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से विद्यार्थियों में आधुनिक अंतरिक्ष एवं भू-स्थानिक (जियोस्पेशियल) प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें सुदूर संवेदन तकनीक के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक उपयोगों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 5 से 10 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने सुदूर संवेदन तकनीक, उपग्रहों, भू-स्थानिक सूचना प्रणाली (जीआईएस), कृषि, जल संसाधन, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा शहरी नियोजन जैसे विषयों पर अनेक जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं वैज्ञानिक ढंग से समाधान किया गया। विद्यार्थियों की जिज्ञासा, सक्रिय सहभागिता एवं सीखने की उत्सुकता कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि रही।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब विद्यार्थियों को उपग्रह चित्रों (सैटेलाइट इमेजरी) के माध्यम से उनके अपने विद्यालय परिसर को विभिन्न समय अवधियों (टाइम सीरीज़) में प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने समय के साथ विद्यालय परिसर में हुए विकास एवं परिवर्तनों को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जिससे वे अत्यंत आश्चर्य चकित एवं उत्साहित हुए। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को यह समझने में सहायता की जो सुदूर संवेदन तकनीक केवल वैज्ञानिक अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, कृषि, पर्यावरण संरक्षण, जल संसाधन प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी इसकी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. सुधाकर शुक्ला, वैज्ञानिक- एसई एवं अध्यक्ष, स्कूल ऑफ जियोइन्फॉर्मेटिक्स, रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर, उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने अपनी पूरी टीम श्रीमती ममता शुक्ला (प्रोजेक्ट लीड), श्री सौरभ चतुर्वेदी (प्रोजेक्ट साइंटिस्ट) एवं सुश्री पल्लवी (प्रोजेक्ट साइंटिस्ट) के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यालय के निदेशक डॉ. विनोद चतुर्वेदी, उपनिदेशक श्री राज नारायण तिवारी, प्रचार्या श्रीमती ममता शर्मा तथा प्रशासनिक प्रबंधक श्री स्वतंत्र कश्यप एवं समस्त शिक्षकगण और विद्यालय परिवार द्वारा प्रदान किए गए आत्मीय स्वागत, सहयोग, स्नेह एवं उत्कृष्ट आतिथ्य के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सम्मानित शिक्षकगण में सर्वश्री श्रीकांत तिवारी, श्री शिशिर सिंह, श्रीमती सावित्री सिंह, श्रीमती अनामिका राय, सुश्री अर्पिता सिंह, श्रीमती नीतू यादव, श्रीमती प्रज्ञा मिश्रा, श्रीमती विशाखा पांडेय, श्री ऋषभ राय, सुश्री नेहा चौबे, सुश्री नेहा सिंह, सुश्री संजना श्रीवास्तव तथा श्री राकेश का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के वैज्ञानिक एवं तकनीकी जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार तथा आधुनिक अंतरिक्ष एवं भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *