गेल इंडिया ने एच एस यूटिलिटी सर्विसेज को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ा

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए हरहुआ स्थित “एचएस यूटिलिटी सर्विसेज” को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क से सफलतापूर्वक जोड़ दिया है। इसके साथ ही संस्थान की रसोई एवं अन्य ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं के लिए अब गेल के पीएनजी नेटवर्क के माध्यम से सुरक्षित, निर्बाध एवं 24 घंटे प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्रारंभ हो गई है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख वाणिज्यिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठानों को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।

हरहुआ स्थित एचएस यूटिलिटी सर्विसेज क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन एवं अन्य सेवाओं का संचालन किया जाता है। पूर्व में संस्थान की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति मुख्य रूप से एलपीजी सिलेंडरों के माध्यम से की जाती थी, जिसकी खपत लगभग 20 एलपीजी सिलेंडर प्रतिमाह थी। अब पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद संस्थान को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे इसके दैनिक संचालन में और अधिक दक्षता, सुविधा एवं पारदर्शिता आएगी।

एलपीजी के स्थान पर पीएनजी को अपनाने से प्रतिमाह उपयोग होने वाले लगभग 20 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। इसके परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की सुगम उपलब्धता का लाभ मिलेगा। साथ ही, पीएनजी के उपयोग से ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित होगी, सिलेंडरों के भंडारण एवं प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियां कम होंगी तथा पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वाराणसी सहित अपने परिचालन क्षेत्रों में अधिकाधिक वाणिज्यिक, औद्योगिक एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी एवं सीएनजी जैसी स्वच्छ ऊर्जा सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कंपनी का उद्देश्य सुरक्षित, विश्वसनीय एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराकर सतत विकास को बढ़ावा देना तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *