संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का गरिमामय अभिनंदन एवं विदाई समारोह सम्पन्न

वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी की गौरवशाली सम्मान-परंपरा के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिवार द्वारा कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मुख्य भवन स्थित सभागार में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

समारोह में विश्वविद्यालय परिवार की ओर से श्री उपेन्द्र नाथ द्विवेदी (अधीक्षक), श्री अमरनाथ यादव (अधीक्षक), श्री वाचस्पति त्रिपाठी (फार्मासिस्ट), श्री अतुल भाटिया (कॉपी होल्डर) तथा श्री बृजलाल (परिचारक) को उनके दीर्घकालीन, निष्ठापूर्ण एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि “किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति उसके कर्मनिष्ठ कर्मचारी होते हैं। वर्षों तक अपनी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संस्था की प्रगति में योगदान देने वाले कर्मचारी सदैव विश्वविद्यालय परिवार के प्रेरणास्रोत बने रहते हैं। सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जबकि उनके अनुभव, संस्कार एवं कर्मयोग आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। विश्वविद्यालय परिवार उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय, सक्रिय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता है।”

समारोह में उपस्थित अधिकारियों, अध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान का स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न यह समारोह विश्वविद्यालय की पारिवारिक संस्कृति, आत्मीयता एवं कर्मयोगियों के प्रति सम्मान की परंपरा का प्रेरक उदाहरण बन गया।

उक्त अवसर पर प्रो रजनीश कुमार शुक्ल,प्रो शैलेश कुमार मिश्र,प्रो राजनाथ, प्रो अमित कुमार शुक्ल के विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *