
नशा न करने हेतु छात्रों ने ली शपथ,नशा मुक्ति हेतु किया हवन
राजातालाब। डॉ. राम मनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय भैरवतालाब में “नशा मुक्त युवा: विकसित भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं हवन पूजा से हुआ। प्रबंधक सुशील सिंह तोयज ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में बाधक है। विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी है कि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और सकारात्मक कार्यों में ऊर्जा लगाएं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर छात्रों ने नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। महाविद्यालय में जागरूकता रैली, साइकिल रैली, योगाभ्यास और सेमिनार का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक सुशील सिंह तोयज़ और प्राचार्या प्रो. सुमनलता देवी ने की। संचालन प्रो. रणधीर सिंह ने किया। प्रो. बृजेश जयसवाल और डॉ. कृपा शंकर पाठक वक्ता रहे। प्रो. नरेंद्र नारायण राय ने आभार व्यक्त किया।












Leave a Reply