
वाराणसी। लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और तार्किक संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयी युवा संसद ‘विमर्श 4.0’ का रविवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में जिले के 21 प्रतिष्ठित विद्यालयों के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर संसदीय कार्यवाही का जीवंत मंचन किया और समसामयिक मुद्दों पर प्रभावशाली बहस के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
‘वंदे मातरम् की गूंज से संसद की आवाज़ तक’ थीम पर आयोजित युवा संसद में लोकसभा, राज्यसभा, संयुक्त संसदीय दल, जनमंच और विभिन्न समितियों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संवैधानिक मूल्यों और तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘विचार मंथन’ सत्र रहा, जिसमें कांग्रेस के संजीव सिंह, समाजवादी पार्टी के इस्तकबाल कुरैशी और भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र त्रिपाठी ने संवाद का संचालन किया। मुख्य अतिथि राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमर पाल सिंह ने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवैधानिक समझ और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि बेस्ट परफॉर्मर ट्रॉफी जयपुरिया स्कूल, बाबतपुर ने अपने नाम की। सचिव राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक आयुष्मान सिंह तथा प्रधानाचार्य डॉ. नीलम सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि ‘विमर्श’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की भावना को व्यवहार में उतारने और युवाओं में स्वस्थ संवाद की संस्कृति विकसित करने का सशक्त मंच है।
:::












Leave a Reply