डीएम और पुलिस आयुक्त ने काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास क्षेत्र का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं से उनका कुशलक्षेम पूछा और सभी के सुखद भविष्य की कामना की

 

वाराणसी। श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं/कावड़ियों को काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन, जलाभिषेक और सुचारू आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को गोदौलिया से दशाश्वमेध, नीची बाग सहित मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण/भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रावण मास के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए कतारबद्ध श्रद्धालुओं से मंदिर की व्यवस्था, कहाँ से आए हैं, कितने देर से खड़े हैं, कोई समस्या तो नहीं, आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा सभी के सुखद भविष्य की महादेव से कामना की।

अधिकारीद्वय ने मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन पूजन कर सभी के सुखद जीवन की मंगल कामना की।इसके अलावा कंट्रोल रूम में बैठकर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी सतत निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं, बाबा भक्तों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न होने पाए इसके लिए विशेष रूप से निर्देशित किया। नगर निगम के अधिकारियों को मंदिर के आसपास समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा सहित अन्य अधिकारी और मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *