यूपी कॉलेज-बीएचयू का एनईपी अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ

 

 

वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज एवं यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 अभिविन्यास एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का सोमवार को ऑनलाइन शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक, शोधार्थी एवं शिक्षाविद जुड़े। मुख्य अतिथि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (इसरो), देहरादून के निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति उच्च शिक्षा में गुणात्मक बदलाव का आधार बनेगी। इससे नवाचार, अनुसंधान, बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास और भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने शिक्षकों से नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षता यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. आनंद वर्धन शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि एवं उदय प्रताप कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को एनईपी के विभिन्न आयामों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर देते हैं। समन्वयक डॉ. विनीत कुमार राय ने स्वागत किया, जबकि सह-समन्वयक डॉ. सतीश प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम 11 अगस्त तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *