हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम

 

वाराणसी। आगामी 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है। साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास तथा राष्ट्रनिर्माण के मूल्यों से जोड़ना भी अभियान की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रमुख स्थलों पर तिरंगा प्रदर्शनी, जनपद व ब्लॉक स्तर पर तिरंगा यात्रा, शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम तथा विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों की तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। सभी सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में ध्वजारोहण कराया जाएगा। इसके अलावा प्रभात फेरी, साइकिल व मोटरसाइकिल रैली, निबंध, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त या गंदे ध्वज का उपयोग न किया जाए तथा अभियान समाप्त होने के बाद तिरंगे का सम्मानपूर्वक संरक्षण या निस्तारण किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीडीओ, एसडीएम सदर, डीसी एनआरएलएम, एडीएम (सिविल सप्लाई) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *