
वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने गुरुवार को वाराणसी में लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि नए पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण से पुलिस विभाग को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नवीन भवन में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि नए पुलिस मुख्यालय परिसर में राजपत्रित अधिकारियों के लिए आवासीय भवन की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इससे पुलिस अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण के साथ-साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह परियोजना वाराणसी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं के विकास से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने की उम्मीद है। नवीन पुलिस मुख्यालय भवन को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किए जाने की योजना है। इसके निर्माण से पुलिस विभाग के प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यदाई संस्था के अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एसीपी शिवहरि मीणा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply