देश केवल कानून से नहीं, चरित्र से चलता है – रक्षा मंत्री

लखनऊ।भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद माननीय श्री राजनाथ सिंह जी ने शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन राजयोग प्रशिक्षण केंद्र में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण किया।

 

यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा और लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव के अंतर्गत संपन्न हुआ।

 

समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री माननीय श्री ब्रजेश पाठक जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

रक्षा मंत्री ने गुलजार उपवन में नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। यह भवन राजयोग, ध्यान और आध्यात्मिक जीवनशैली के प्रसार का केंद्र बनेगा।

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश केवल कानून से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए राजनीति का आध्यात्मिकीकरण आवश्यक है।

युवाओं को केवल करियर और सफलता के पीछे नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और समाज के लिए सार्थक योगदान पर भी ध्यान देना चाहिए।

 

रक्षा मंत्री ने 90 वर्षों से लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और लगभग 140 देशों में शांति एवं आध्यात्मिकता का संदेश पहुँचाने के लिए संस्था की सराहना की।

 

समापन पर रक्षा मंत्री सहित मंचासीन अतिथियों और सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने एक मिनट का सामूहिक मौन एवं शांति का अभ्यास किया।

 

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने कहा कि भारत आज आर्थिक, सामरिक, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी पहचान बना रहा है। अंतरिक्ष से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक भारत ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। लेकिन बाहरी प्रगति के साथ हमें अपनी आंतरिक दुनिया को भी समझना होगा। यह देखना आवश्यक है कि बाहरी दुनिया में आगे बढ़ते हुए कहीं हम अपनी आंतरिक दुनिया में पीछे तो नहीं रह जा रहे हैं। इस आध्यात्मिक प्रश्न का समाधान ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्थाओं के माध्यम से प्राप्त हो सकता है।

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि आध्यात्मिकता के लिए जीवन में कोई अलग समय निर्धारित करने की आवश्यकता नहीं है। यह हमारी दृष्टि के माध्यम से सृष्टि को बदलने की प्रक्रिया है। जब दृष्टि बदलती है, तो जीवन और व्यवहार भी बदलने लगते हैं। स्वयं को केवल शरीर नहीं, बल्कि एक चैतन्य आत्मा समझना ही आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत है। आज मनोविज्ञान, शरीर विज्ञान और विभिन्न वैज्ञानिक शोध भी योग एवं ध्यान के मन तथा शरीर पर सकारात्मक प्रभावों को स्वीकार कर रहे हैं। अध्यात्म अब केवल श्रद्धा का नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अध्ययन और अनुभव का भी विषय बन चुका है।

 

उन्होंने कहा कि किसी संस्था की महानता केवल भवनों और केंद्रों के निर्माण से नहीं, बल्कि उससे जुड़े लोगों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन से मापी जाती है। ब्रह्माकुमारीज ने 90 वर्षों में लाखों लोगों के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश फैलाया है। लखनऊ में लोगों को आध्यात्मिक मार्ग दिखाने और परम सत्ता से जोड़ने का संस्था का कार्य सराहनीय है।

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश केवल कानून से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। आध्यात्मिकता केवल व्यक्तिगत मुक्ति या शांति का मार्ग नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण का भी आधार है। आर्थिक विकास और आध्यात्मिक विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक और सशक्त करने वाली शक्तियाँ हैं।

 

राजनीति के वास्तविक अर्थ को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने या चुनाव जीतने का माध्यम नहीं होनी चाहिए। इसका वास्तविक उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और राष्ट्र को सर्वांगीण विकास की ओर ले जाना है। इसके लिए राजनीति के साथ नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का जुड़ना आवश्यक है।

 

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए। निर्णय लेते समय व्यक्तिगत लाभ से पहले जनहित और शक्ति के साथ विनम्रता एवं विवेक होना चाहिए। भगवान श्रीराम का जीवन सिखाता है कि शासक के लिए व्यक्तिगत जीवन से बढ़कर जनहित होता है, जबकि श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्तव्य, कर्म और अध्यात्म का बोध कराया। चुनाव जीतना या हारना महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन उससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम जनहित में सही कार्य कर रहे हैं या नहीं। युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए राजसेवा, नैतिकता और चरित्र निर्माण की भावना को पुनः स्थापित करना होगा, और इसमें ब्रह्माकुमारीज जैसी आध्यात्मिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

युवाओं को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, वर्तमान भी हैं। देश का निर्माण आज के प्रयासों से होता है। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग अवश्य करें, लेकिन उसे स्वयं पर हावी न होने दें। आधुनिक बनने का अर्थ अपनी सांस्कृतिक पहचान को भूलना नहीं है, इसलिए आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए।

 

सफलता और सार्थकता का अंतर समझाते हुए उन्होंने कहा कि सफलता बाहर से मिलती है, जिसमें पद, प्रतिष्ठा और धन शामिल हैं, जबकि सार्थकता भीतर से आती है। जीवन की वास्तविक सार्थकता इससे तय होती है कि हमारे होने से कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। करियर व्यक्ति को साधन-संपन्न बनाता है, लेकिन चरित्र उसे सम्मान दिलाता है। उन्होंने युवाओं से समाज की समस्याओं की केवल आलोचना न करने, बल्कि समाधान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि युवा जागरूक, शिक्षित, अनुशासित और संस्कारवान बनेंगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

 

वर्ष 2040 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि नहीं, बल्कि ऐसा राष्ट्र है जहाँ नागरिक ईमानदार हों, परिवारों में संस्कार हों, समाज में सद्भाव हो, महिलाओं का सम्मान हो, युवाओं में अनुशासन हो और प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध हो। इस लक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।

 

लखनऊ के प्रति अपने विशेष लगाव को व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी डोर लखनऊ से बंधी हुई है। अस्वस्थता और व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने इस कार्यक्रम में उपस्थित होना आवश्यक समझा। उन्होंने कहा कि लखनऊ की धरती ने सदैव आध्यात्मिक चेतना को अपने आँचल में स्थान दिया है। आज यह शहर रक्षा, सुरक्षा, उद्योग, तकनीक और अध्यात्म सहित अनेक क्षेत्रों में पहचान बना रहा है। ब्रह्मोस जैसी सामरिक उपलब्धियों से लेकर सांस्कृतिक विरासत तक लखनऊ की विशिष्ट पहचान है।

 

उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज की शुरुआत सिंध में एक छोटे-से प्रयास के रूप में हुई थी, जो आज लगभग 140 देशों में मानव चेतना को संतुलन और शांति का संदेश दे रही है। यह संस्था मानवता की अनमोल विरासत है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के 90 वर्ष पूर्ण होने, लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं और दिव्य संस्कृति भवन के लोकार्पण पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

 

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री माननीय श्री ब्रजेश पाठक जी ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि दिव्य संस्कृति भवन की आधारशिला से लेकर आज उसके लोकार्पण तक वे इस यात्रा के साक्षी रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि राजयोग और ध्यान मन पर विजय पाने का सशक्त माध्यम हैं। भारतीय संस्कृति में कहा गया है – “मन जीते जगत जीत।” भगवान बुद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि राजपरिवार में जन्म लेने के बावजूद संसार उन्हें महात्मा बुद्ध के रूप में इसलिए जानता है, क्योंकि उन्होंने अपने मन पर विजय पाई। उन्होंने इस आध्यात्मिक प्रयास के लिए ब्रह्माकुमारीज को शुभकामनाएँ दीं।

 

ओमशांति रिट्रीट सेंटर, गुरुग्राम की निर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी जी ने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी को सच्चा कर्मयोगी, अध्यात्मप्रिय एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन दिव्य संस्कृति को पुनः जागृत करने की आवश्यकता है और दिव्य संस्कृति भवन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा।

 

उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज परिवार इस बात का जीवंत उदाहरण है कि नारी शक्ति और युवा शक्ति मिलकर समाज में कितना बड़ा परिवर्तन ला सकती है। गुलजार दादी को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियाँ आना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे भागना नहीं, बल्कि ज्ञान और शक्ति के आधार पर उनका सामना करना चाहिए, जैसे क्रिकेट खिलाड़ी गेंद का सामना करके बेहतर प्रदर्शन करता है।

 

आशा दीदी ने कहा कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी आध्यात्मिकता धारण करके खुशनुमा और श्रेष्ठ जीवन जिया जा सकता है। भवन की वास्तविक महानता उसकी भव्यता से नहीं, बल्कि यहाँ से प्रेरणा लेकर अपना जीवन श्रेष्ठ बनाने वाले लोगों से होगी। उन्होंने “दुआएँ दो, दुआएँ लो”, “बदले की भावना को बदलकर दिखाओ” और “बुरी नजर वाले तेरा भी भला हो” जैसे श्रेष्ठ भावों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजयोग से विकसित ऐसी सकारात्मक दृष्टि भारत को विश्वगुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

प्रयागराज की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मनोरमा दीदी जी ने कहा कि लखनऊवासियों के सहयोग और राधा दीदी के अथक प्रयासों से लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से बना दिव्य संस्कृति भवन आज लखनऊ की धरती पर अपने नाम को सार्थक कर रहा है। उन्होंने अयोध्या, काशी और मथुरा की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की इस पावन भूमि पर अध्यात्म का परचम और भी ऊँचा लहराना चाहिए।

 

ब्रह्माकुमारीज के उप सचिव, माउंट आबू, राजयोगी ब्रह्माकुमार मृत्युंजय भाई जी ने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी को बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा और सामरिक मजबूती के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज भारत की ओर कोई आँख उठाकर देखने का साहस नहीं कर सकता। “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” के साथ अब “जय आध्यात्मिकता” का संदेश भी विश्व में भारत की पहचान बन रहा है।

 

उन्होंने राम जन्मभूमि और कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारत अवश्य विश्वगुरु बनेगा। उन्होंने सभी को कुछ समय मौन और आंतरिक शांति का अभ्यास भी कराया।

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में लखनऊ की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी राधा दीदी जी ने रक्षा मंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। इंदु, युक्ति और माही ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि मधुबन से पधारे नितिन भाई एवं सतीश भाई ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सभी विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन किया।

 

मंच पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी, उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य श्री मुकेश शर्मा जी, मोहनलालगंज के विधायक श्री अमरेश कुमार जी, भाजपा लखनऊ महानगर के अध्यक्ष श्री आनंद कुमार द्विवेदी जी, ब्रह्माकुमारी राधा दीदी जी, आशा दीदी जी, मनोरमा दीदी जी, मंजू दीदी जी तथा ब्रह्माकुमार मृत्युंजय भाई जी उपस्थित रहे। समारोह में अपर्णा जी, विधायक श्री ए.पी. श्रीवास्तव, विधायक श्री योगेश शुक्ला, श्री पवन सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।

 

दिव्य संस्कृति भवन में नियमित रूप से राजयोग एवं ध्यान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहाँ आम नागरिकों को निःशुल्क राजयोग प्रशिक्षण देकर जीवन में शांति, सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। गुलजार उपवन परिसर के आगामी विकास के अंतर्गत लगभग 2,000 लोगों की क्षमता वाला विशाल सभागार तथा लगभग 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की भी योजना है।

 

अंत में लखनऊ की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। एक मिनट के मौन योगाभ्यास एवं परमात्मा के प्रति धन्यवाद अर्पण गीत के साथ समारोह संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *