डॉ. पवन कुमार सर्राफ यू.एन. एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण ब्यूरो (भारत) के तत्वावधान में नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय सम्मान समारोह में डॉ. पवन कुमार सर्राफ को यू.एन. एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समाजसेवा, मानवता और अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान केंद्रीय सूचना आयोग, भारत सरकार की सूचना आयुक्त सुधा रानी रेलंगी के करकमलों से मिला।

समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि किसी भी सम्मान की सार्थकता तभी है, जब वह व्यक्ति को समाज और मानवता के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दे।

उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी समाजहित एवं मानव कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

समारोह में जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि महाराज, सुधा रानी रेलंगी, हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, जिला जज दशरथ मिश्रा, अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार, पद्मश्री एवं ओलंपियन योगेश्वर दत्त सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता नेपाल के काठमांडू निवासी 22 देशों के सलाहकार श्री श्री श्री 1008 जगद्गुरु लामा घ्याछो रिनपोछे ने की।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना को मजबूत करते हैं। डॉ. पवन कुमार सर्राफ को सम्मान मिलने पर उपस्थित गणमान्यजनों एवं शुभचिंतकों ने बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *