
वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित आशियाना हार्वेस्ट रेस्टोरेंट को अपने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क से सफलतापूर्वक जोड़ दिया है। इसके साथ ही रेस्टोरेंट की रसोई एवं अन्य ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए अब गेल के PNG नेटवर्क के माध्यम से सुरक्षित, निर्बाध और 24×7 प्राकृतिक गैस आपूर्ति प्रारंभ हो गई है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा अवसंरचना से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम-प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम), के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित आशियाना हार्वेस्ट रेस्टोरेंट शहर के प्रमुख खाद्य एवं आतिथ्य प्रतिष्ठानों में से एक है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक सेवाओं का लाभ प्राप्त करते हैं। रेस्टोरेंट के संचालन हेतु पूर्व में प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किया जाता था। अब PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के पश्चात संस्थान को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे न केवल परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि ऊर्जा प्रबंधन भी अधिक सुविधाजनक, प्रभावी एवं लागत-कुशल बनेगा।
एलपीजी के स्थान पर PNG को अपनाने से प्रतिमाह उपयोग किए जाने वाले लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप, ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की बेहतर एवं सुगम उपलब्धता का लाभ प्राप्त होगा। इस प्रकार, एक ओर आशियाना हार्वेस्ट रेस्टोरेंट को सुरक्षित, निर्बाध एवं भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित होगी, वहीं दूसरी ओर अन्य क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को एलपीजी की उपलब्धता बढ़ने से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन एवं प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे कार्यस्थल की सुरक्षा, स्वच्छता तथा संचालन संबंधी सुविधाओं में वृद्धि होगी तथा पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। प्राकृतिक गैस अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन होने के कारण कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
गेल (इंडिया) लिमिटेड वाराणसी में अपने सीजीडी नेटवर्क के निरंतर विस्तार के माध्यम से अधिकाधिक वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं तक स्वच्छ ऊर्जा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी का उद्देश्य सुरक्षित, विश्वसनीय एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराते हुए वाराणसी को हरित, स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा भविष्य की दिशा में अग्रसर करना है।

Leave a Reply