राष्ट्रीय समूह गान में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रथम

 

वाराणसी। भारत विकास परिषद काशी प्रदेश, उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय की नीलकंठ शाखा की ओर से सोमवार को मलदहिया स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता एवं गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का गायन किया। प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, अर्दली बाजार की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सुर, ताल, सामूहिक गायन, भाषा-अभिव्यक्ति और अनुशासन के आधार पर निर्णायक मंडल ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को प्रथम तथा कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज को द्वितीय स्थान दिया। विजेता टीमों की छात्राओं को प्रमाणपत्र और विद्यालयों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। प्रांतीय गतिविधि संयोजक कमलेश सिंह ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी। नंदिनी सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्र और शिक्षकों के प्रति प्रेम व सम्मान बढ़ता है। प्रांतीय सचिव कमल कुमार सिंह ने विद्यालय की प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में आने वाली 18 छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानाचार्या डॉ. निशा यादव सहित वरिष्ठ शिक्षिकाओं डॉ. अर्चना सिंह, पूनम चौधरी, प्रियंका यादव, डॉ. रजनी द्विवेदी, अरुणा शर्मा और मोनिका जायसवाल का अंगवस्त्र से अभिनंदन किया गया। संचालन डॉ. आहुति सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने दिया। इस अवसर पर संजीव श्रीवास्तव समेत छात्राएं, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *