119 पार्क संवरेंगे, सारनाथ-मैदागिन में बनेंगे फूड स्ट्रीट हब

 

वाराणसी। काशी के शहरी ढांचे और ऐतिहासिक विरासत को संवारने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने सीएसआर मद से वाराणसी में 69.21 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के लिए दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत 48 करोड़ रुपये से शहर के 119 सार्वजनिक पार्कों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण होगा। वहीं सारनाथ और मैदागिन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो फूड स्ट्रीट हब विकसित किए जाएंगे।

ताज होटल में हुए समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना की मौजूदगी में एमओयू हुए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

पार्कों में लैंडस्केपिंग, वॉकिंग पाथवे, ओपन जिम, बच्चों के खेल उपकरण, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। फूड स्ट्रीट हब में व्यवस्थित वेंडिंग, स्वच्छता, सीसीटीवी और सौर प्रकाश की सुविधा होगी। दूसरे एमओयू के तहत 21.21 करोड़ रुपये से ठठेरी हेरिटेज गली से कालभैरव मंदिर तक विरासत गलियारा, गोदौलिया से मैदागिन तक भवनों के अग्रभाग और मणिकर्णिका घाट की एक प्रमुख गली का कायाकल्प होगा। हेरिटेज लाइट, साइनबोर्ड, स्ट्रीट फर्नीचर, म्यूरल और पैदल यात्रियों के अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजनाएं 36 माह में पूरी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *