अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केन्द्र में हिंदी सप्ताह का हुआ शुभारंभ

 

वाराणसी।अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई), वाराणसी में “हिंदी सप्ताह” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ।

यह कार्यक्रम 9 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन केंद्र के राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से किया जा रहा है।

हिंदी सप्ताह के प्रथम दिन केंद्र के समस्त अध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्वरचित एवं प्रचलित कविताओं के पाठ की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में केंद्र के कर्मचारियों ने अपनी स्वरचित एवं प्रचलित कविताओं का प्रभावशाली पाठ प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही निर्धारित विषयों पर आशु भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली एवं सारगर्भित ढंग से प्रस्तुत किए।

प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों में हिंदी भाषा के प्रति उनकी रुचि, अभिव्यक्ति-कौशल एवं रचनात्मकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, सहायक प्राध्यापक, आईयूसीटीई, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी, सहायक प्राध्यापक, आईयूसीटीई एवं डॉ. राजा पाठक, सहायक प्राध्यापक, आईयूसीटीई उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया तथा उनके उत्साह एवं रचनात्मकता की सराहना की।
इस अवसर पर अंतरविश्वविद्यालय अध्यापक प्रशिक्षण केंद्र के समस्त अध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने केंद्र में हिंदी भाषा के प्रति उत्साह, रचनात्मकता एवं राजभाषा के प्रति प्रतिबद्धता का सकारात्मक वातावरण निर्मित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *