वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना-2026 के अंतर्गत सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों की पात्र मेधावी छात्राओं को निःशुल्क स्कूटी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र छात्राओं के पंजीकरण एवं वैरीफिकेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यालय-ज्ञाप के अनुसार योजना के अंतर्गत कुल 75 पात्र मेधावी छात्राओं को चिन्हित किया गया है। इनमें से 6 सितम्बर 2026 तक 55 छात्राओं का पंजीकरण एवं वैरीफिकेशन पूर्ण हो चुका है, जबकि 20 छात्राओं का वैरीफिकेशन अभी लंबित है। लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूरा कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा सम्बद्ध महाविद्यालयों एवं संबंधित छात्राओं से दूरभाष, व्हाट्सऐप तथा पत्राचार के माध्यम से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शेष 20 छात्राओं तथा सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों से तत्काल वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण कराने को कहा है, ताकि कोई भी पात्र छात्रा शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि लंबित प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए।
परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना छात्राओं के शैक्षिक सशक्तीकरण और उच्च शिक्षा को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय स्तर पर पात्र छात्राओं के पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों से अपील की कि जिन छात्राओं का वैरीफिकेशन लंबित है, उनकी प्रक्रिया बिना किसी विलंब के पूर्ण कराएं, जिससे पात्र छात्राओं को समय से योजना का लाभ मिल सके।
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का उद्देश्य मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके शैक्षिक सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और निरंतर अध्ययन को प्रोत्साहित करना है। विश्वविद्यालय प्रशासन की सक्रिय निगरानी से योजना के क्रियान्वयन को गति मिली है।
विश्वविद्यालय ने सभी सम्बद्ध महाविद्यालयों से अपेक्षा की है कि वे लंबित वैरीफिकेशन को शीघ्र पूरा कराकर योजनाजी के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply