छात्रों ने साझा किए सपने, डीडीओ ने दिया सफलता का मंत्र

वाराणसी। श्री हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज में गुरुवार को शासन की ‘छात्र संवाद’ पहल के तहत कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी विजय कुमार जायसवाल ने विद्यार्थियों से उनके लक्ष्य, रुचि और भविष्य की योजनाओं पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए समय रहते लक्ष्य तय करना और उसके लिए निरंतर मेहनत करना जरूरी है। विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अनुशासन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज के विकास में योगदान देना भी है।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने बेझिझक अपने सवाल और जिज्ञासाएं रखीं। डीडीओ ने अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सवाल-जवाब के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखा। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। शिक्षकगण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *