कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने तीन दर्जन से अधिक क्षय रोगियों को वितरित की पोषण पोटली

वाराणसी। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के पूर्व गुरुवार को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के मुख्य भवन प्रांगण में विश्वविद्यालय परिवार की ओर से ‘क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। महामहिम कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से आयोजित इस पुनीत कार्यक्रम में तीन दर्जन से अधिक क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने अपने कर-कमलों से क्षय रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के पूर्व सेवा एवं संवेदना का यह आयोजन स्वस्थ और समर्थ भारत के संकल्प को जनभागीदारी से सशक्त करने का माध्यम है।

 

 

कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने कहा, “भारतीय संस्कृति में सेवा ही मानवता का सर्वोच्च धर्म है। किसी पीड़ित व्यक्ति के जीवन में पोषण, विश्वास और आत्मीयता का संचार करना केवल सहायता नहीं, बल्कि लोकमंगल की साधना है। टीबी मुक्त भारत का संकल्प तभी पूर्ण होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें अपनी जिम्मेदारी और सहभागिता सुनिश्चित करेगा।

 

उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय केवल ज्ञान एवं संस्कार का केंद्र नहीं, बल्कि ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भारतीय भावना को व्यवहार में उतारने वाला संस्थान भी है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से आह्वान किया कि क्षय रोग के प्रति जागरूकता, रोगियों के प्रति संवेदनशीलता और उनके पोषण में सहयोग की भावना को निरंतर आगे बढ़ाया जाए।

 

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संचालन नोडल अधिकारी प्रो. विधु द्विवेदी द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य क्षय रोगियों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ समाज में टीबी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।

इस अवसर पर कुलसचिव, कुलानुशासक एवं वैज्ञानिक प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. हीरक कान्ति चक्रवर्ती, जनसम्पर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र, डॉ. कंचन मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *