चिरईगांव की उत्कृष्ट शिक्षिकाओं का महिला शिक्षक संघ ने किया सम्मान

वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय के सभागार में महिला शिक्षक संघ, वाराणसी के तत्वावधान में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला शिक्षक संघ वाराणसी की जिला अध्यक्ष श्रीमती अमृता सिंह ने की।

 

समारोह में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य श्री उमेश शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री भोलेंद्र प्रताप सिंह तथा वाराणसी नगर विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी श्री स्कंद गुप्त अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में वाराणसी की प्रथम महिला अकाउंटेंट के रूप में पहचान बनाने वाली श्रीमती जमुना शुक्ला राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती नीलम राय, जिला संगठन मंत्री सरिता पाण्डेय, ब्लाक महिला शिक्षक संघ अध्यक्ष कल्पना तिवारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम में वाराणसी जनपद के नौ विकासखंडों की ब्लॉक एवं जिला इकाइयों के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा सम्मानित होने वाले शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

चिरईगांव ब्लॉक की ओर से उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित पांच शिक्षिकाओं—श्रीमती अनिता राय (कंपोजिट विद्यालय सारनाथ), श्रीमती पूनम गौतम (प्राथमिक विद्यालय बार्थरा कला), श्रीमती प्रिया नारायणी (कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर), श्रीमती सरला मौर्य (प्राथमिक विद्यालय मठिया जयरामपुर) एवं श्रीमती श्वेता सिंह (कंपोजिट विद्यालय अंबा)—को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रश्मि त्रिपाठी द्वारा किया गया।

 

श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षिकाओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।

 

समारोह में महिला शिक्षक संघ की जिला एवं ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारियों ने शिक्षक समाज के सम्मान, महिला शिक्षिकाओं के योगदान तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को रेखांकित किया।

 

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षिकाओं के समर्पण, नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना समाज और शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *