
वाराणसी। श्री काशी अग्रवाल समाज द्वारा महाराज अग्रसेन जी की तीन दिवसीय जयंती का शुभारम्भ 13 अक्टूबर शुक्रवार से
लक्सा लक्ष्मी कुंड के पास स्थित महालक्ष्मी मंदिर में अग्र समाज की कुलदेवी के श्रृंगार पूजन एवं आरती के साथ होगा। 14 अक्टूबर शनिवार को दूसरी निशा में डांडिया का भव्य आयोजन नाटी ईमली स्थित गणेश मंडपम में सायं 6 बजे से किया जायेगा एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किये जायेंगे। निर्णायक की भूमिका में मिसेज़ इंडिया डॉ आकांक्षा त्रिवेदी होंगी। तत्पश्चात तीसरे एवं अंतिम दिन 15 अक्टूबर रविवार को प्रातः 10 बजे मैदागिन स्थित अग्रसेन वाटिका में स्थापित महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर अग्रवाल समाज से जुड़ी संस्थाओं द्वारा माल्यार्पण किया जायेगा। सायं 3 बजे महाराज श्री अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा बांसफाटक स्थित शापुरी माल से निकाली जायेगी जो मैदागिन स्थित अग्रसेन वाटिका तक जायेगी जिसमें श्री काशी अग्रवाल समाज द्वारा संचालित सभी संस्थाओं के शिक्षक एवं विद्यार्थी रेंजर बैंड के साथ शामिल होंगे। तत्पश्चात सभी संस्थाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। समाज के पूर्व सभापति एवं प्रधानमंत्री को सम्मानित किया जायेगा।
यह जानकारी गुरुवार को मैदागिन टाउनहाल स्थित श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के अग्रवाल समाज भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक हेमंत अग्रवाल नें दी। प्रेसवार्ता में श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ‘हरे कृष्ण’ नें सभी अग्र बन्धुओं को सपरिवार सम्मिलित होने का आह्वान किया। उक्त अवसर पर समाज के प्रधानमंत्री संतोष अग्रवाल ‘कर्णघण्टा’ सह संयोजक अमित अग्रवाल ‘बॉबी’ प्यारे कृष्ण अग्रवाल ‘सीए’ दीपक अग्रवाल ‘लायन’ मंत्री समाज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।
