
डायट सारनाथ में योग प्रतियोगिता
वाराणसी। जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान सारनाथ में गुरुवार को जनपद स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से योग शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल ने योग एवं आसन की महत्ता के संबंध में तथा विद्यालयों में होने वाले योग प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से चर्चा किए। प्रतियोगिता में आसन, प्राणायाम एवं बंध का प्रदर्शन किया गया। जिसमें पुरुष वर्ग में सत्येंद्र कुमार प्राथमिक विद्यालय सीवों, चिरईगांव ने प्रथम स्थान, बिंध्येश्वरी प्रसाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरबसपुर, पिंडरा द्वितीय स्थान तथा नरेंद्र कुमार मौर्य प्राथमिक विद्यालय जाल्हूपुर चिरईगांव तृतीय स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में संगीता यादव प्राथमिक विद्यालय लेढ़ूपुर, चिरईगांव प्रथम स्थान, कविता बसाक प्राथमिक विद्यालय कोटवां काशी विद्यापीठ द्वितीय स्थान तथा मधु सिंह कंपोजिट विद्यालय कबीर चौरा, नगर क्षेत्र तृतीय स्थान पर चयनित हुईं। प्रतियोगिता का संचालन करते हुए डॉ. हरगोविंद पुरी ने स्वास्थ्य के लिए योग, प्राणायाम एवं बंध को वर्तमान परिवेश के लिए सतत् अभ्यास करने पर जोर दिया और कहा कि केवल प्रतियोगिता को ध्यान में रखकर योग एवं आसन न किया जाए बल्कि इसको अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा मान लिया जाए जिससे स्वस्थ एवं नीरोग रह सकें। मनुष्य का स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। इस प्रतियोगिता में अरविंद कुमार सिंह, श्रेया, श्रुति अग्रवाल, गुलाब चंद आदि थे।।
