
वाराणसी। प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता की भावना बच्चों में विकसित करने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय बर्थरा कला, विकासखंड चिरईगांव में प्रकृति भक्ति अभियान के अंतर्गत कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
ज्ञातव्य हो कि यह अभियान शिक्षिका कल्पना तिवारी द्वारा लंदन निवासी उनके मित्र श्री संदीप शर्मा के विशेष सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति के महत्व से परिचित कराना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।
इस अवसर पर विद्यालय में चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में देवांश रघुवंशी ने प्रथम, रागिनी जोशी ने द्वितीय तथा एंजल डेनियल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को ‘प्रकृति भक्ति’ अंकित बैग देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पेड़-पौधों, जल, वायु एवं धरती के महत्व को समझाते हुए इनके संरक्षण का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना आवश्यक है, क्योंकि आज के जागरूक बच्चे ही कल पर्यावरण संरक्षण के सशक्त प्रहरी बनेंगे।
शिक्षिका कल्पना तिवारी ने कहा कि प्रकृति भक्ति अभियान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि बच्चों के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान और संरक्षण का संस्कार विकसित करना है।

Leave a Reply