
उत्तराखंड। चमोली ज्योतिर्मठ,श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के उपरांत बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पावन गद्दी (डोली) एवं श्री गरुड़ जी महाराज की प्रतिमा वैदिक मंत्रोच्चार व विधि-विधान के साथ शीतकालीन पूजा स्थली श्री नरसिंह मंदिर परिसर, ज्योतिर्मठ पहुँची।
नगर आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने पुष्पवर्षा व मंगल ध्वनि के साथ पावन डोली का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य प्रतिवर्ष भगवान बदरीविशाल के कपाट मंगलम् कार्यक्रम में उपस्थित होकर विशेष पूजाएं संपन्न करते हैं। इसी सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी भगवान के दर्शन एवं कपाट मंगलम् की वैदिक प्रक्रियाओं के अनन्तर आज ‘परमाराध्य’ परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर अनन्तश्रीविभूषित जगद्गुरु शङ्कराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानंदः सरस्वती ‘१००८’ जी महाराज शुभ मुहूर्त में श्री नरसिंह मंदिर परिसर पहुँचे।
यहाँ उन्होंने विधि से पूजा संपन्न की।इस पावन अवसर पर ज्योतिर्मठ की मातृशक्ति द्वारा श्रद्धापूर्वक निर्मित १,००० रोट ( को पूज्य शंकराचार्य जी ने श्री विष्णु सहस्रनाम के पावन नामों के साथ भगवान के श्रीचरणों में समर्पित किया।
इसके पश्चात पूज्य शंकराचार्य जी ने मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवस्थानों—श्री गरुड़ जी,श्री गणेश जी,भगवान सूर्यदेव,माता महाकाली,भगवान शिव, श्री भैरव जी,माँ नवदुर्गा भवानी,भगवान गौरी-शंकर,भगवान वासुदेव, क्षेत्रपाल भैरव जी,श्री तिमुंडिया वीर तथा श्री हनुमान जी महाराज के विधिवत दर्शन किए।तदनंतर वे आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पावन गद्दी के समीप पहुँचे और वहां विधिपूर्वक गद्दी का पूजन के उपरांत गद्दी स्थल पर विराजमान होकर आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की स्तुति का गान किया गया,जिसमें संसार की मिथ्यात्व तथा परब्रह्म परमेश्वर के सत्यत्व (‘ब्रह्म सत्यं जगन्मिथ्या’) के अद्वैत सिद्धांत का स्मरण किया गया।
माँ महालक्ष्मी जी के पूजन के अनंतर भगवान बदरीविशाल के शीतकालीन पूजन स्थल श्री नरसिंह मंदिर में सभी ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना आरती के पश्चात पूज्य शंकराचार्य जी महाराज ने श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों,सदस्यों सहित उपस्थित समस्त श्रद्धालुओं को अपने कर-कमलों से प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रभारी श्री राजेन्द्र सेमवाल जी उपस्थित रहे और उन्होंने पूज्य शंकराचार्य जी महाराज का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।कार्यक्रम में आचार्य कुशलानंद बहुगुणा,आचार्य सुशील डिमरी,श्री रामप्रसाद थपलियाल जी,श्री नरसिंह मंदिर महिला मंगल दल की माताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply