
वाराणसी । भारतीय जनता पार्टी वाराणसी महानगर की सोमवार को गुलाब बाग, सिगरा स्थित पार्टी कार्यालय में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक तथा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के अध्यक्षता में वोटर चेतना महाअभियान को सफल बनाने को लेकर पदाधिकारियों के महानगर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
बैठक में महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले ग्राउंड जीरो पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी अपनी ओर से आप सभी कार्यकर्ताओं के बल पर 2019 की लोकसभा चुनाव का इतिहास दोहराने की पूरी तैयारी में है।
उन्होंने कहा कि तैयारी की इसी कड़ी में इसे और मजबूती प्रदान करने के लिए संगठन ने मतदाता जागरूकता अभियान के तहत वोटर चेतना महाअभियान कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले वोटर चेतना महाअभियान एवं भाजपा महानगर की कार्यशाला को सफल बनाने के लिए हमें पूरी मेहनत के साथ जुटना होगा।
कार्यशाला में मौजूद महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि सभी 100 वार्डों में नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसमें सभी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा से जोड़ना है। इस अभियान में पन्ना प्रमुख कार्यकर्ताओं की अहम भागीदारी होगी। ऐसे में 2024 में एक बार फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएंगे।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने कहा कि हम सभी को पार्टी के निर्देशानुसार तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर केंद्रित होकर कार्य करना है। इनमें पहला कार्य 1 जनवरी 2024 तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जाए। दूसरा मतदाता सूची में दर्ज गलत नाम को ठीक करने का काम शामिल है तथा तीसरा बिंदु 1 से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से कटवाने का है।
उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से कहा कि 18, 19 व 20 अक्टूबर को मंडलों में कार्यशाला आयोजित किए जाएंगे। 27 अक्टूबर को अंतरिम मतदाता सूची का प्रकाशन (ड्राफ्ट प्रकाशन) किया जाएगा। 28 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथों पर उस मतदाता सूची को पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें साथ ही 29 अक्टूबर को पीएम मोदी जी का लोकप्रिय मन की बात कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची के वाचन (पढ़े जाने) की व्यवस्था भी बनवाना है।
कार्यशाला के प्रारंभ में सर्वप्रथम डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर पुष्प अर्पित किया गया। तत्पश्चात वंदे मातरम गीत का प्रस्तुतीकरण हुआ। महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्रम् व माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
कार्यशाला का संचालन महामंत्री जगदीश त्रिपाठी तथा धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अशोक पटेल ने दिया।
इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, महापौर अशोक तिवारी, आत्मा विश्वेश्वर, साधना वेदांती, मधुकर चित्रांश, एडवोकेट अशोक कुमार, जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, राहुल सिंह, शैलेंद्र मिश्रा सोनू, कुसुम सिंह पटेल, डॉ अनुपम गुप्ता, अभिनव पांडेय सहित विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं मतदाता प्रमुख, सभी मंडल प्रभारी मंडल व मंडल अध्यक्ष सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
