काशी तमिल संगमम् 5.0 के उद्घाटन समारोह में वसंत कन्या महाविद्यालय की सहभागिता

वाराणसी ‌। वसंत कन्या महाविद्यालय ने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की महत्त्वपूर्ण पहल काशी तमिल संगमम् 5.0 के उद्घाटन समारोह में ऑनलाइन माध्यम से उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस पहल का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन सांस्कृतिक, भाषायी, आध्यात्मिक एवं बौद्धिक संबंधों को सुदृढ़ करना तथा देश की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।

महाविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल प्राचार्या प्रो. आशा यादव के नेतृत्व में ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन समारोह से जुड़ा।

इस अवसर पर कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. गरिमा उपाध्याय, पर्यवेक्षक प्रो. कल्पना आनंद तथा समिति की सदस्य प्रो. मीनू पाठक एवं डॉ. आरती चौधरी उपस्थित रहीं। इनके साथ महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी ऑनलाइन सहभागिता की।

इस अवसर पर उपस्थित अन्य शिक्षकों में प्रो. सपना भूषण, डॉ. आशीष सोनकर, डॉ. सरोज उपाध्याय, डॉ. अनु सिंह, डॉ. शशिकेश गोंड, डॉ. राजलक्ष्मी, डॉ. प्रीति एवं डॉ. दीपक शामिल रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र- छात्राओं को काशी तमिल संगमम् 5.0 की संकल्पना, उद्देश्य एवं व्यापक महत्त्व से परिचित कराया गया।

उन्हें इस पहल की विषयवस्तु तथा काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत विरासत के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय, भाषायी विविधता और पारस्परिक संवाद को बढ़ावा देने में इस आयोजन की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

प्राचार्या प्रो. आशा यादव ने विद्यार्थियों को ऐसे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार की पहलों को विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक समझ और विविधता के प्रति सम्मान विकसित करने का महत्त्वपूर्ण माध्यम बताया।

महाविद्यालय की इस सहभागिता ने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की इस विशिष्ट पहल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *