
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के अंतर्गत शुक्रवार को मेगा कैंप का आयोजन किया गया।
यह विशेष शिविर बरेका संस्थान स्थित सम्मान कक्ष में आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 अभियान 01 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सरल, सुगम एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
इस पहल से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा उनकी पेंशन संबंधी प्रक्रिया भी अधिक सहज हो सकेगी।
कैंप के दौरान पेंशनभोगियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने एवं ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया में आवश्यक तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है। विशेष रूप से फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से घर बैठे अथवा शिविर में आसानी से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। शिविर में पेंशनभोगियों को स्वास्थ्य जाँच की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
इस अभियान को सफल बनाने में बरेका के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ भारतीय स्टेट बैंक, बरेका शाखा तथा पेंशनर्स एसोसिएशन के द्वारा
पेंशनभोगियों को आवश्यक बैंकिंग एवं डिजिटल प्रक्रिया से संबंधित सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे उन्हें जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने एवं जमा करने में सुविधा मिल रही है।
बरेका प्रशासन की यह पहल अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से पेंशन संबंधी सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं सुलभ बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply