हिंदी की धरोहर : काशी की-सृजन – परंपरा’ विषयक हुआ:-व्याख्यान

वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित राजकीय पुस्तकालय में साहित्यिक संघ तथा विद्याश्री न्यास के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ‘हिंदी की धरोहर : काशी की सृजन- परंपरा’ व्याख्यानमाला की 20वीं कड़ी आयोजित हुई।

 

पंडित विद्यानिवास मिश्र के जन्मशती वर्ष में संकल्पित इस आयोजन में कथाकार शिवप्रसाद सिंह और भोजपुरी साहित्य के मूर्धन्य रचनाकार पं. चंद्रशेखर मिश्र के साहित्यिक योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ आनन्द कृष्ण ‘मासूम’ द्वारा प्रस्तुत सुमधुर सरस्वती वंदना से हुआ।

 

कथाकार शिवप्रसाद सिंह के साहित्यिक अवदान पर व्याख्यान देते हुए प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि जब नई कहानी में शहरों, कस्बों और महानगरों की धूम थी, तब शिवप्रसाद सिंह ने गांव-घर की कहानियां लिखकर पाठकों का ध्यान आकर्षित किया।

 

उन्होंने सदियों से शोषित नट, कंजड़, मुसहर और चमार जैसी जातियों के दुख-दर्द और संघर्ष को अपनी रचनाओं में स्थान दिया। उनके कथा संसार में स्त्रियों की मूक व्यथा भी मुखर हुई है। उनके उपन्यास ‘अलग-अलग वैतरणी’ और ‘नीला चांद’ उनकी साहित्यिक कीर्ति के शिखर हैं। श्री अरविंद के जीवन और दर्शन पर उनकी पुस्तक ‘उत्तर योगी’ भी विशिष्ट कृति है।

 

महाकवि पं. चंद्रशेखर मिश्र के साहित्यिक योगदान पर प्रो. प्रकाश उदय ने कहा कि उनकी हर अगली रचना पिछली रचना से आगे बढ़ती रही। कैप्टन महेंद्रनाथ मुल्ला की वीरता और बलिदान पर लिखी कविता ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई। भोजपुरी की जनजीवन से जुड़ी रचनाओं ने उन्हें अलग-अलग समय में विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी रचनाओं में लोकजीवन और सामाजिक सरोकारों का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।

 

अध्यक्षीय वक्तव्य में प्रो. चंद्रकला त्रिपाठी ने कहा कि जन्मशती वर्ष के अंतर्गत काशी की साहित्यिक धरोहर पर आयोजित यह आयोजन महत्वपूर्ण दस्तावेजी दिवस साबित होगा।

 

प्रो. अवधेश प्रधान और प्रो. प्रकाश उदय जैसे विद्वानों ने दोनों रचनाकारों के साहित्यिक वैशिष्ट्य को निजी संदर्भों सहित जीवंत कर दिया। उन्होंने इसे साझा स्मृतियों का साक्षी बनने वाला अवसर बताया।

 

आयोजन के संस्मरण सत्र में शिवप्रसाद सिंह के सुपुत्र नरेंद्र कुमार सिंह ने उनके जीवन से जुड़े विभिन्न रोचक और आत्मीय संस्मरणों से श्रोताओं को अवगत कराया।

 

पं. चंद्रशेखर मिश्र के सुपुत्र डॉ. जयप्रकाश मिश्र ने भी अपने पिता के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण संस्मरण सुनाए।

 

इस अवसर पर पं. चंद्रशेखर मिश्र के सुपुत्र धर्मप्रकाश मिश्र (धर्मराज मिश्र) ने अपनी भावपूर्ण काव्य-प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

 

संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन गिरीश पांडे ने किया। अतिथियों का स्वागत विद्याश्री न्यास के सचिव डॉ. दयानिधि मिश्र तथा धन्यवाद ज्ञापन ‘सोच-विचार’ पत्रिका के संपादक नरेंद्र नाथ मिश्र ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *