
वाराणसी।आयुर्वेद की समृद्ध ज्ञान-परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने तथा विद्यार्थियों में मौलिक चिंतन एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी ने महत्वपूर्ण पहल की है।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) की SPARK (Studentship Program for Ayurveda Research Knowledge) योजना के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कुलसचिव राकेश कुमार ने 28 नवम्बर को कार्यालय ज्ञाप जारी किया है।
इस योजना के अंतर्गत बीएएमएस प्रथम से चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों को मौलिक शोध परियोजना पूर्ण करने पर ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही शोध प्रस्ताव तैयार करने एवं उसे क्रियान्वित करने के लिए CCRAS के विशेषज्ञों का तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध हो सकेगा।
SPARK-5.0 (2026-27) के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी https://spark.ccras.org.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान-परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों में शोध, मौलिकता और नवाचार की भावना विकसित होने से आयुर्वेद को नई वैज्ञानिक पहचान एवं वैश्विक प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।

Leave a Reply