
वाराणसी। संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार वर्ष 2023-24 का चयन जिलाधिकारी एस.राजलिंगम की अध्यक्षता में चयन समिति के सदस्यों जिसमें प्रतिनिधि संयुक्त निदेशक उद्योग, प्रतिनिधि क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपिका संजय गुप्ता, उप निदेशक, बुनकर सेवा केन्द्र तथा नामित दो बुनकर प्रतिनिधि सदस्य की उपस्थिति में गुरुवार को राइफल क्लब में हुई। जिसमें वाराणसी, चन्दौली, मिर्जापुर एवं भदोही के सैम्पल/नमूने जिसमें साड़ी ड्रेस मैटेरियल, दरी आदि प्रस्तुत किये गये।
चयन समिति द्वारा जनपद वाराणसी की श्रीमती लक्ष्मी के सैम्पल साडी को रंगकार्ट डिजाइन का प्रयोग कर उत्कृष्ट हाथ की बुनाई के लिए प्रथम पुरस्कार, जनपद मिर्जापुर की श्रीमती रूखसार बेगम के सैम्पल दरी को बुनकर द्वारा हंटिंग डिजाइन का प्रयोग कर द्वितीय पुरस्कार एवं जनपद वाराणसी के मंगला प्रसाद मौर्य के सैम्पल दुपटटा/स्टोल को कदुवा बार्डर दुपटटा के लिए तृतीय पुरस्कार हेतु परिक्षेत्रीय स्तर पर चयन किया गया। परिक्षेत्रीय पुरस्कार पाने वाले प्रथम को रू० 20,000/- नगद, शील्ड प्रमाण-पत्र व अंगवस्त्रम प्रदान किया जायेगा एवं द्वितीय पुरस्कार को रू0 15,000/- नकद, शील्ड प्रमाण-पत्र व अंगवस्त्रम एवं तृतीय पुरस्कार को रू0 10,000/- नकद, शील्ड प्रमाण-पत्र व अंगवस्त्रम प्रदान किया जायेगा।
अरूण कुमार कुरील, सहायक आयुक्त, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग ने बताया कि चयनित नमूनों को राज्य हथकरघा पुरस्कार के चयन हेतु आयुक्त एवं निदेशक, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, उ०प्र० कानपुर को भेजा जायेगा। राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले बुनकरो को प्रथम श्रेणी मे धनराशि रू0 1,00,000/-, द्वितीय श्रेणी में रू0 50,000/- एवं तृतीय श्रेणी को रू० 25,000/- नकद, शील्ड प्रमाण-पत्र व अंगवस्त्रम प्रदान किया जायेगा।
