
वाराणसी। वरूणापार के पूजा पंडालों में रविवार को दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अर्दली बाजार में न्यू डी-लाइट क्लब दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल में दर्शनार्थियों की खासी भीड़ रही। क्लब की ओर से अष्टमी पर मां दुर्गा का श्रृंगार किया गया। क्लब की प्रतिमा में गणेश, कार्तिकेय, मां लक्ष्मी,मां सरस्वती समेत ब्रम्हा, विष्णु और महेश के साथ विराजमान महिषासुर मर्दनी का दिव्य रूप में विद्यमान है। पंडाल को कोयम्बतूर तमिलनाडु के आदियोगी शिव मंदिर का प्रतिरूप प्रदान किया गया है। क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सजावट मुख्य आकर्षण का केंद्र है। क्लब के संरक्षक संजय श्रीवास्तव मोले,अशोक सिंह, अध्यक्ष मनोज कुमार अच्छू,संजय विश्वकर्मा ने बताया कि पंडाल में प्रवेश के लिए महिलाओं और पुरुष दर्शनार्थियों के अलग अलग व्यवस्था की गई है। वापसी में दर्शनार्थियों को बजरंगबली की विशाल प्रतिमा का दर्शन हो रहा है।
