
वाराणसी। अर्दली बाजार (एलटी कालेज) स्थित स्वामी विवेकानंद प्रवास स्थल गोपाल लाल विला में स्वामी विवेकानंद सेवा समिति की ओर से शास्त्रीय विधि से हवन,51 कौमारी कन्या पूजन व प्रसाद वितरण का भव्य धार्मिक अनुष्ठान हुआ। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शास्त्रीय विधि से हवन सम्पन्न हुआ। तत्पश्चात देवी स्वरुप 51 कौमारी कन्या पूजन का अनुष्ठान हुआ। मेयर ने कन्या चरण वंदना की। परिसर में कन्या पूजन व डमरु दल के डमरु वादन ने वातावरण भक्तिमय कर दिया। लोगों ने जयघोष के साथ कन्याओं पर पुष्प वर्षा की। कन्याओं की आरती के बाद उनको भोग में फल मिष्ठान अर्पित कर ग्रहण करने हेतु प्रार्थना की गई। कन्याओं को उपहार स्वरुप स्कूल बैग,फल,मिष्ठान आदि देकर जगत के प्रसन्नता के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम का संयोजन राजकुमार आहूजा और संचालन मनोज दुबे ने किया। इस अवसर पर पार्षद मदन मोहन दुबे, जगदीश त्रिपाठी,विनोद पांडेय भैयाजी,विपुल कुमार पाठक, शहस्त्रांशु सिंह,मदन मोहन दुबे, गुड्डू बरनवाल,जगदीश त्रिपाठी,विकास, संजय श्रीवास्तव मोले,आशीष पाठक,रामजी चौधरी,अनिल पांडेय,बलराम कन्नौजिया,रवि प्रकाश बरनवाल आदि थे।
